जूटमिल पुलिस ने 19 वर्षीय युवक और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया, वारदात में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और बाइक जब्त
रायगढ़, 25 अक्टूबर। ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास मिले अज्ञात व्यक्ति के शव के मामले में जूटमिल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, लूटपाट की नीयत से ट्रक के पास सो रहे व्यक्ति की जेब से रुपये और मोबाइल निकालने की कोशिश की गई। इस दौरान व्यक्ति के जागने और विरोध करने पर आरोपियों में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक ने बटन चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया है।
ट्रांसपोर्ट नगर के पास मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की सुबह जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, जूटमिल थाना पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष आंकी गई। उसके सीने और कंधे सहित शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान मिले थे।
मृतक की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रूप से मरच्युरी में रखवाया। अगले दिन डॉक्टरों की टीम से मिली शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक बताए जाने के बाद थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 656/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिला सुराग
गंभीर घटना को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी घटनास्थल पहुंचे और पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों के हुलिए और घटना के समय उनकी मौजूदगी से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को करीब 15 से 16 वर्ष के कुछ लड़कों के घटना में शामिल होने की सूचना मिली। इसके बाद मुखबिरों को सक्रिय कर मिट्ठूमुड़ा, बजरंगपारा और सांगीतराई क्षेत्र में दबिश दी गई। पुलिस ने राजेश्वर सारथी उर्फ समारू और चार विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उन्होंने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
सो रहे व्यक्ति की जेब टटोलने पर जागा, विरोध किया तो चाकू से हमला
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे कथित तौर पर चोरी और लूटपाट की वारदातों में शामिल रहे हैं। वे रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रात में अकेले आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाते थे तथा लूट से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल खाने-पीने में करते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मेमोरेंडम में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, 23 अक्टूबर की रात करीब एक बजे सभी लूटपाट की नीयत से ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड पहुंचे थे। दो युवक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 M 3674 से वहां पहुंचे, जबकि तीन अन्य उनके पीछे पहुंचे।
वहां फल दुकान के बगल में सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास एक व्यक्ति सोता हुआ दिखाई दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी जेब से रुपये और मोबाइल निकालने के लिए तलाशी शुरू की। इसी दौरान व्यक्ति जाग गया और विरोध करने लगा। पुलिस के मुताबिक, तब आरोपियों में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक ने बटन चाकू से मृतक की भुजा, सीने, जांघ और पीठ पर लगातार वार किए।
इसके बाद आरोपियों ने मृतक की जेब से 700 रुपये निकालकर आपस में बांट लिए। पुलिस मामले में घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
खून से सने कपड़े, बटन चाकू और बाइक जब्त
जूटमिल पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात के दौरान पहने गए रक्तरंजित कपड़े, घटना में प्रयुक्त बटन चाकू और मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पूर्व के कथित कृत्यों और इस घटना में संगठित रूप से शामिल होने के तथ्यों के आधार पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 भी जोड़ी गई है।
मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने और नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी कर रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में टीम ने की कार्रवाई
मामले का शीघ्र खुलासा करने में एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी राहुल उईके के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिव्या बंजारे, वेदवती कुमेटी, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल, लोमश राजपूत तथा आरक्षक नरेश रजक, सुशील यादव, तरुण महिलाने, संजय एक्का, शांति मिरी और परमानंद पटेल की अहम भूमिका रही।
एसएसपी बोले—गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध कर कानून से बच निकलने की मंशा रखने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।











