पासिंग राउंड से लेकर बजर राउंड तक रोचक मुकाबला, चयनित विद्यार्थी 14 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
रायगढ़, 25 अक्टूबर। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और सामान्य ज्ञान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पुसौर में विकासखंड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विकासखंड के सभी 31 संकुलों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न चरणों में अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।
दो वर्गों में आयोजित हुई प्रतियोगिता
प्रतियोगिता को दो वर्गों में विभाजित किया गया था। पहले वर्ग में कक्षा छठवीं से आठवीं तक तथा दूसरे वर्ग में कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थी शामिल हुए। प्रारंभिक लिखित परीक्षा के बाद चयनित विद्यार्थियों की टीमों ने मुख्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसमें पासिंग राउंड, बहुविकल्पीय प्रश्न, बजर राउंड और चित्र पहचानो जैसे रोचक चरण रखे गए, जिनमें विद्यार्थियों ने सवालों के जवाब देकर अपनी समझ और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया।
स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से ऑनलाइन आयोजन
प्रतियोगिता का आयोजन स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से ऑनलाइन किया गया। तकनीक आधारित इस व्यवस्था ने प्रतियोगिता को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाया। विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। आयोजन को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सराहा।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किया प्रोत्साहित
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना भी रहा। इसके साथ ही विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय, प्रयास विद्यालय और राष्ट्रीय साधन-सह-प्रावीण्य छात्रवृत्ति सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
14 नवंबर को होगी जिला स्तरीय प्रतियोगिता
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी अब 14 नवंबर को आयोजित होने वाली जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में शामिल होंगे। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, ज्ञान का विस्तार करने और आगे की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का अवसर मिला है।











