
कोरबा। जनजातीय समाज की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय कोरबा में 23 नवंबर को जनजातीय गौरव वर्ष के अवसर पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के इतिहास, संस्कृति, सामाजिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के जनजाति सलाहकार परिषद के सदस्य रघुराज सिंह उइके उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और अंग्रेजों के विरुद्ध उनके ऐतिहासिक आंदोलन पर प्रकाश डाला। साथ ही वीरांगना रानी दुर्गावती के शौर्य, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने बस्तर की जनजातीय एवं सामुदायिक संस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, सामाजिक जीवन और सांस्कृतिक विरासत की विशेषताओं से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पापिया चतुर्वेदी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में रामेश्वर राठिया उपस्थित रहे।जिला संयोजक जनजाति सुरक्षा मंच पुष्पराज सिंह ठाकुर तथा वनवासी कल्याण आश्रम कोरबा के सचिव दीपक सिंह उपस्थित रहे।अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराएं और जीवन मूल्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को जानने, समझने और उसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यशाला का संयोजन श्रीमती अमिता सक्सेना, विभागाध्यक्ष प्राणिशास्त्र तथा सह-संयोजन डॉ. श्रेणी दिवाकर, विभागाध्यक्ष रसायनशास्त्र एवं श्रीमती अनिमा तिर्की, क्रीड़ा अधिकारी ने किया। महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, महापुरुषों के योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण जानकारी मिली। साथ ही जनजातीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।











