सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश, आपदा प्रबंधन की तैयारियों में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायगढ़ जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार 20 से 21 नवंबर 2026 तक जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
आंध्रप्रदेश के तट से टकराने की आशंका
गृह मंत्रालय और भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त चेतावनी के अनुसार दक्षिण एवं उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ 20 नवंबर की दोपहर के आसपास आंध्रप्रदेश और यानम के तटों पर नेल्लोर एवं टुनी के बीच बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में दस्तक दे सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा झोंकों की गति 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।
सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश
संभावित बारिश और तूफान से उत्पन्न परिस्थितियों तथा नुकसान को न्यूनतम रखने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम आयुक्त, सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जल संसाधन और विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता, जिला सेनानी नगर सेना, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को सतर्क रहने तथा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।
लापरवाही पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।











