लैलूंगा में ‘अटल धाम’ का धमाकेदार आगाज़!
भारत रत्न अटल जी की प्रतिमा का भव्य लोकार्पण, उमड़ी जनता का सैलाब… शहर में मना महापर्व जैसा जश्न
लैलूंगा आज ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की भव्य प्रतिमा के लोकार्पण के साथ ‘अटल धाम’ का शुभारंभ हुआ तो पूरा शहर मानो उत्सव में डूब गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, फूलों की वर्षा और नारों की गूंज के बीच कार्यक्रम स्थल पर लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। छोटा-बड़ा, युवा-बुजुर्ग हर कोई इस गौरवशाली क्षण का हिस्सा बनने पहुंचा।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष कपिल सिंघानिया ने अपने जोशीले उद्बोधन में कहा कि “अटल जी सिर्फ नेता नहीं, विचारधारा, प्रेरणा और संकल्प का नाम हैं। लैलूंगा के लिए यह सिर्फ प्रतिमा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा का पाठ पढ़ाने वाला प्रेरणा स्तंभ है।” उन्होंने कहा कि अटल धाम लैलूंगा की पहचान बनेगा और यहां से सकारात्मक सोच, विकास और जनहित की आवाज़ गूंजेगी।
लोग भावनाओं से भरे, चेहरे गर्व से दमकते और दिल में देशभक्ति की ज्वाला लिए इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। आज का दिन लैलूंगा के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया!








