सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बंदियों को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवन जीने के लिए किया प्रेरित
रायगढ़, 16 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला जेल रायगढ़ में 15 अक्टूबर को नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बंदियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशीले पदार्थों से दूर रहने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहकर जीवन को दें नई दिशा
कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बंदियों को नशे और अपराध से दूर रहकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।

नशे का असर व्यक्ति के साथ परिवार और समाज पर भी
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से दूर रहकर व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने बंदियों से आत्मविश्वास के साथ सकारात्मक बदलाव अपनाने और समाज में जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने का आह्वान किया।
460 बंदियों ने ली नशा नहीं करने की सामूहिक शपथ
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान जिला जेल के सभी 460 बंदियों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सकारात्मक जीवन की ओर प्रेरित करना रहा।
समाज कल्याण विभाग के अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के सुशील सिंह, श्री शिवकुमार साहू एवं श्री नवरतन बिंझवार उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बंदियों को नशे से दूर रहने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।











