
हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के बीच पूरे गांव में निकली भव्य रथ यात्रा
लैलूंगा/रायगढ़, 22 जुलाई 2026 (बुधवार)।
लैलूंगा विकासखंड के ग्राम बनेकेला में बुधवार को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पूरे धार्मिक उत्साह और पारंपरिक वैभव के साथ निकाली गई। रथ यात्रा में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे वातावरण में “जय जगन्नाथ” के जयघोष गूंजते रहे।
इस दौरान वनांचल की प्रसिद्ध मुसकट्टी रथ नृत्य पार्टियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का दिल जीत लिया। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों ने ढोल, मांदर और नगाड़ों की थाप पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूब गया।
भव्य रूप से सजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के रथ को श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ खींचा। गांव के प्रमुख मार्गों से निकली इस शोभायात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा और स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी समुचित इंतजाम किए गए थे। धार्मिक आयोजन के सफल संपन्न होने पर ग्रामीणों और आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। बनेकेला की यह भव्य रथ यात्रा वनांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बनकर लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।








