
तिरंगे की शान से सराबोर हुआ पकनी क्षेत्र, देशभक्ति के रंग में गूंजा गांव, सुरेश कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस समारोह में दिखा राष्ट्रप्रेम का उत्साह, बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
चंद्रिका कुशवाहा
सूरजपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड अंतर्गत पकनी क्षेत्र पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। गांव के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। सुबह से ही गांव में राष्ट्रभक्ति के गीतों और नारों की गूंज सुनाई देती रही। मुख्य समारोह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पकनी में आयोजित किया गया, जहां शाला अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान विद्यालय परिसर भारत माता के जयघोष और देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।
ध्वजारोहण के बाद स्कूली बच्चों ने अनुशासनबद्ध मार्च पास्ट करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने ‘वंदे मातरम्’ और ‘देश रंगीला’ जैसे देशभक्ति गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित ग्रामीणों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
सुरेश अग्रवाल का प्रेरक उद्बोधन बना आकर्षण
समारोह में शाला अध्यक्ष सुरेश कुमार अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सपूतों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों को याद करने का दिन भी है। देश की आजादी असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान से मिली है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों से जोड़ना जरूरी है। बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, ईमानदारी तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सुरेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वच्छता, नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने तथा गांव को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगे की आन-बान-शान केवल सीमा पर खड़े जवानों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। अपने गांव, समाज और पर्यावरण की रक्षा करना भी सच्ची देशभक्ति का हिस्सा है।
गांव के हर प्रमुख स्थल पर फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर पकनी क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों में भी गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया गया। माध्यमिक शाला में उपसरपंच प्रेम कुमार कुशवाहा, प्राथमिक शाला पकनी में केशव कुशवाहा, पंचायत भवन में सरपंच लक्षमनिया पैकरा, आंगनबाड़ी पकनी में भुपचंद कुशवाहा, प्राथमिक शाला नालापारा में विजेन्द्र देवांगन, आंगनबाड़ी नालापारा में बंशलाल पैकरा, आंगनबाड़ी बहोरन में मोती पैकरा, उपस्वास्थ्य केंद्र में गजेन्द्र जायसवाल एवं विवेक कुमार द्विवेदी तथा प्राथमिक शाला ठाकुरपारा में संजु अग्रवाल एवं सत्यनारायण ठाकुर ने ध्वजारोहण किया।
इन सभी स्थानों पर ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक स्वतंत्रता दिवस मनाया। पूरे क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का वातावरण दिखाई दिया।
शिक्षकों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
मुख्य समारोह में शाला प्राचार्य विलियम टोप्पो, संकुल प्रभारी राजेश जायसवाल, माध्यमिक शाला प्रधान पाठक शंकर जायसवाल, शिवसंभु सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता प्रज्ञा ओझा एवं शिवसंभु सिंह ने किया।
समारोह में प्रज्ञा ओझा, दीपांजली, ममता, मिकी दुबे, ताण्डे, निकी दुबे, दिवाकर जायसवाल, समीर, अभिषेक, अमित सिन्हा, सुनीति कुशवाहा, गीता मिश्रा, महेन्द्र कुशवाहा, अभिषेक गुर्जर, रामकिशोर कुशवाहा, ननकु ठाकुर बिट्टू, सुधीर जायसवाल, विष्णु पैकरा, बलवीर देवांगन, रामकिशुन पैकरा, अर्जुन पैकरा, दिनेश पैकरा, राम कुशवाहा, पिन्टु ठाकुर, वैशखा भारती, शरिता, गुड़ी, निधि सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में शाला प्राचार्य विलियम टोप्पो ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, ग्रामीणों, विद्यार्थियों और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा मिठाई वितरण के साथ समारोह का समापन हुआ।
पकनी में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि पूरे क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और नई पीढ़ी को बेहतर दिशा देने का संदेश छोड़ गया। तिरंगे की शान में आयोजित इस समारोह में सुरेश कुमार अग्रवाल का प्रेरक उद्बोधन और बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां लंबे समय तक लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रहीं।







