जम्मू-कश्मीर में कटरा-बनिहाल रेलखंड पर हुआ वंदे भारत का ट्रायल, अंजी ब्रिज भी 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पार
जम्मू-कश्मीर। भारतीय रेलवे ने जम्मू-कश्मीर में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज पर वंदे भारत एक्सप्रेस का सफल ट्रायल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। ट्रेन ने करीब 1200 फीट की ऊंचाई पर बने चिनाब ब्रिज को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पार किया। यह पुल पेरिस के एफिल टॉवर से करीब 35 मीटर ऊंचा है।
ट्रायल के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस ने भारत के पहले केबल-स्टेड रेलवे पुल अंजी ब्रिज को भी 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पार किया। इस ऐतिहासिक ट्रायल का वीडियो केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने X हैंडल पर साझा किया।
कटरा-बनिहाल के बीच तेज होगी रेल यात्रा
वंदे भारत ट्रेन के इस ट्रायल को जम्मू-कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे श्री माता वैष्णो देवी कटरा और बनिहाल के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।
जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 26401/26404 का 111 किलोमीटर लंबे कटरा-बनिहाल ब्रॉडगेज रेलखंड पर ट्रायल किया गया। यह रेलखंड उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना का हिस्सा है और नॉर्थ रेलवे के जम्मू डिवीजन के अंतर्गत आता है।
रेलखंड पर बढ़ाई गई ट्रेन की अधिकतम रफ्तार
रेल मंत्रालय ने इस वर्ष अगस्त में कटरा-बनिहाल रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रति घंटे करने की मंजूरी दी थी। इससे पहले श्री माता वैष्णो देवी कटरा-सांगल्डन खंड पर अधिकतम 85 किलोमीटर प्रति घंटे और सांगल्डन-बनिहाल खंड पर 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेनों के संचालन की अनुमति थी।
अब नए गति मानकों के तहत इस रेलखंड पर ट्रेनें 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकेंगी। इससे जम्मू-कश्मीर में रेल यात्रा को और तेज बनाने में मदद मिलेगी।






