कुनकुरी में पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी, पकड़ने के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल; तलाश में जुटी पुलिस
जशपुर। कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल से थाने ले जाते समय आरोपी ने अचानक झटका देकर बाइक को गिरा दिया और भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी हुई। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर दोनों पुलिसकर्मियों को दांत से काटकर खुद को छुड़ा लिया और जंजीर समेत मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
चलती बाइक से अचानक दिया जोरदार झटका
पुलिस के मुताबिक, दीपाटोली क्षेत्र का रहने वाला आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के बाद मोटरसाइकिल से कुनकुरी थाना लाने की कार्रवाई शुरू की थी।
आरोपी को दो पुलिसकर्मियों के बीच बैठाया गया था। बताया गया कि ईशा क्लिनिक के पास पहुंचने के दौरान आरोपी ने अचानक जोर से झटका दिया। इससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
बाइक गिरते ही आरोपी ने मौके से भागने का प्रयास किया।
पकड़ने की कोशिश में पुलिसकर्मियों को काटा
आरोपी को भागता देख दोनों पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी और पुलिसकर्मियों के बीच काफी देर तक हाथापाई और झूमाझटकी हुई।
पुलिस के अनुसार, खुद को छुड़ाने के प्रयास में आरोपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को दांत से काट दिया, जिससे वे घायल हो गए। पुलिसकर्मी उसे दोबारा काबू करने का प्रयास करते रहे, लेकिन इसी दौरान आरोपी जंजीर समेत वहां से भागने में सफल हो गया।
आसपास के इलाकों में तलाश तेज
घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीमों को सक्रिय कर दिया। संभावित ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी खोजबीन की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पहले भी पुलिस को चकमा देकर फरार होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और घटना के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






