सिंदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में करीब 60 लाख रुपये के उपकरण वितरित, नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर वित्त मंत्री ने दिया जोर
🔹 सेवा संकल्प अभियान के तहत हुआ विशेष आयोजन
रायगढ़, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शनिवार को सिंदूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी शामिल हुए। राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राज्यगीत के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

🔹 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख के उपकरण
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार करीब 60 लाख रुपये की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर सहित अन्य उपकरण शामिल रहे।
🔹 ‘सेवा’ को बताया जरूरतमंद तक पहुंचने का माध्यम
वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण देना केवल सामग्री वितरण नहीं, बल्कि उन्हें अधिक सुविधाजनक और आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में सहयोग देना है। ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और ब्रेल किट जैसे उपकरण आवागमन, शिक्षा और दैनिक कार्यों में उपयोगी साबित होंगे।
🔹 युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। उन्होंने परिवार और समाज से भी नशे की ओर बढ़ रहे युवाओं को समय रहते सही दिशा देने में भूमिका निभाने का आह्वान किया।
🔹 मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग पर जोर
श्री चौधरी ने युवाओं को मोबाइल और सोशल मीडिया के संतुलित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मोबाइल ज्ञान, जरूरी काम और संवाद का उपयोगी साधन है, लेकिन इसका अत्यधिक इस्तेमाल आदत में बदल सकता है। युवाओं को सोशल मीडिया और रील्स में जरूरत से ज्यादा समय देने के बजाय पढ़ाई, खेल, कौशल विकास और रचनात्मक कार्यों पर ध्यान देना चाहिए।
🔹 स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील
वित्त मंत्री ने फास्ट फूड के अत्यधिक सेवन से बचने और पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने नियमित योग-व्यायाम, समय पर सोने-जागने और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है।
🔹 नौकरी के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता पर ध्यान
श्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार युवा स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ सकते हैं। कौशल और नई तकनीक का ज्ञान लेकर युवा स्वयं रोजगार पाने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर सकते हैं।
🔹 रायगढ़ में शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाओं का उल्लेख
वित्त मंत्री ने रायगढ़ में युवाओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक एवं कौशल विकास सुविधाओं का उल्लेख करते हुए प्रयास विद्यालय, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज, नेचुरोपैथी कॉलेज, नव गुरुकुल और नालंदा परिसर की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ट्रिपल आईटी के सहयोग से रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रशिक्षण देने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
🔹 सिंदूर पार्क में स्थायी मंच बनाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने सिंदूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्क में उपयुक्त स्थान का चयन कर ऐसा मंच बनाया जाना चाहिए, जिसका उपयोग अलग-अलग आयोजनों के लिए किया जा सके। इससे बार-बार अस्थायी मंच और टेंट लगाने की आवश्यकता नहीं होगी तथा कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
🔹 नशामुक्त भारत की शपथ लेकर दिया जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी सहित उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। इस दौरान नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की दिशा में आगे बढ़ रहे प्रदीप पुरी गोस्वामी एवं गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। दोनों ने नशामुक्त जीवन अपनाने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
🔹 देवेंद्र प्रताप सिंह ने घर-घर तक अभियान पहुंचाने पर दिया जोर
राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराना और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूक करना जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य हैं। उन्होंने नशे के खिलाफ अभियान को कार्यक्रमों तक सीमित न रखकर घर-घर तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
🔹 महापौर ने नशे के सामाजिक प्रभाव पर जताई चिंता
नगर निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशे का असर व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी आर्थिक स्थिति और सामाजिक जीवन पर भी पड़ता है। उन्होंने युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और परिवारों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया।
🔹 हितग्राहियों को जरूरत के अनुसार मिले विभिन्न उपकरण
कार्यक्रम में हितग्राहियों को मोटराइज्ड ट्रायसायकल, ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, विभिन्न प्रकार की स्टिक, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर, सीपी व्हीलचेयर और क्रच सहित कई प्रकार के सहायक उपकरण प्रदान किए गए। जिला स्तरीय शिविर में पहले ही हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया था। शनिवार को एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से 350 हितग्राहियों को उपकरण उपलब्ध कराए गए।
🔹 हितग्राहियों ने जताई खुशी, कहा-आने-जाने में होगी आसानी
ग्राम सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसायकल नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने और पढ़ाई के लिए अपने पिता पर निर्भर रहना पड़ता था। अब ट्रायसायकल मिलने से वे स्वयं आसानी से आ-जा सकेंगे। वहीं पुसौर ब्लॉक के छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर ने बताया कि उन्हें पहली बार ट्रायसायकल मिली है, जिससे काम के सिलसिले में आने-जाने में सुविधा होगी।
🔹 कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर निगम सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, श्री अरुणधर दीवान, श्री सुरेश गोयल, श्री विजय केडिया, श्री रमेश बेहरा, श्री बलबीर शर्मा, श्रीमती शीला तिवारी, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री शिवशंकर पांडेय, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक और दिव्यांग हितग्राही उपस्थित रहे।






