धरसीवां। राजधानी रायपुर के धरसीवां स्थित सेवा सदन कार्यालय में सेवा से संकल्प माह के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय विशाल शिविर का आयोजन किया गया। इस विशेष शिविर में क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। शिविर के प्रति स्थानीय जनता में भारी उत्साह देखा गया और क्षेत्र के 5,000 से अधिक नागरिकों ने इसमें अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
शिविर में राज्य सरकार के विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉल्स के माध्यम से पात्र हितग्राहियों के नए आवेदन स्वीकार करने, मौके पर ही पंजीयन करने और अन्य शासकीय सेवाएँ त्वरित गति से उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। क्षेत्रीय नागरिकों ने शिविर की बेहतरीन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाया।

शिविर की प्रमुख उपलब्धियां एवं वितरण
श्रम विभाग की बड़ी सौगात: विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 84 लाख रुपये की राशि सीधे डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से अंतरित की गई।
स्वास्थ्य शिविर से 1500$ लोग लाभान्वित: स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 1,500 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
नियुक्ति पत्रों का वितरण: महिला एवं बाल विकास विभाग की विभागीय योजनाओं के अंतर्गत 3 चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिथियों के हाथों नियुक्ति आदेश सौंपे गए।
विकास योजनाओं की सौगात: जनपद पंचायत धरसीवां द्वारा शिविर के दौरान 400 शौचालयों, 100 प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति और 400 लखपति दीदी योजना से संबंधित महत्वपूर्ण उपलब्धियों व लाभों का वितरण किया गया।

सरिता साहू और गायत्री वर्मा को मिला पिंक ऑटो
विधायक अनुज शर्मा की उपस्थिति में ग्राम दोंदेखुर्द की सरिता साहू और ग्राम बरौदा की गायत्री वर्मा को पिंक ऑटो प्रदान किया गया। पिंक ऑटो मिलने से दोनों महिलाओं को स्वरोजगार का अवसर प्राप्त होगा तथा वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी आजीविका को सशक्त कर सकेंगी।
सेवा सदन कार्यालय में लोगों का उमड़ा जनसैलाब
विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि, आज का यह दृश्य केवल एक सरकारी शिविर का दृश्य नहीं है। आज धरसीवां के इस सेवा सदन कार्यालय में जो 5,000 से अधिक लोगों का जनसैलाब उमड़ा है, यह इस बात का प्रत्यक्ष प्रमाण है कि जब शासन की नीतियां और जनता की सहभागिता एक साथ मिलती हैं, तो सेवा से संकल्प का वास्तविक अर्थ सिद्ध होता है।

1,500 से अधिक नागरिकों को दिलाई स्वास्थ्य परीक्षण
उन्होंने ने कहा कि, मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि, आज एक ही छत के नीचे हमने श्रम विभाग के माध्यम से 84 लाख रुपये की सम्मान राशि डीबीटी के जरिए सीधे हमारे मजदूर भाइयों-बहनों और हितग्राहियों के खातों में भेजी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1,500 से अधिक नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं।
100 गरीब परिवारों को मिला प्रधानमंत्री आवास
महिला एवं बाल विकास विभाग के तहत हमारी बहनों को सशक्त बनाते हुए 3 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। इसके साथ ही जनपद पंचायत धरसीवां द्वारा 400 शौचालयों का निर्माण, 100 गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास का उपहार, तथा 400 बहनों को श्लखपति दीदीश् बनाकर स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त किया गया है।

कोई भी नागरिक जनकल्याणकारी योजनाओं से न रहे वंचित
विधायक शर्मा ने क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि, हमारा संकल्प है कि, धरसीवां का कोई भी पात्र नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। चाहे वह स्वास्थ्य सेवा हो, शिक्षा हो, किसान की चिंता हो, मजदूर का हक हो या हमारी मातृशक्ति का सम्मान हमारा सेवा सदन आपकी हर समस्या के समाधान के लिए सदैव तत्पर है और रहेगा।
आत्मनिर्भर धरसीवां बनाने का लिया संकल्प
उन्होंने ने कहा कि,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सेवा संकल्प केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुँचाने की एक पवित्र कार्य-संस्कृति है। मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत का हर नागरिक सशक्त महसूस कर रहा है। आइए, आज इस सेवा से संकल्प माह के अवसर पर हम सब मिलकर एक समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर धरसीवां बनाने का संकल्प लें।
जनप्रतिनिधि और अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस विशाल शिविर में विधायक अनुज शर्मा ,भाजपा जिला संगठन प्रभारी सुरेंद्र पाटनी,पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकांती वर्मा,सरोज चंद्रवंसी,शकुंतला ढीलेंद्र सेन, दिनेश खूटे,अशोक सिन्हा, राकेश यादव,हरिशंकर वर्मा, पूजा अश्वनी वर्मा, धरसीवां जनपद सीईओ, तहसीलदार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। उपस्थित जनसमूह ने इस भव्य और जनहितैषी आयोजन की खुले दिल से सराहना की तथा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।






