स्कूली बच्चों ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का किया शैक्षणिक भ्रमण
रायगढ़, 2 अक्टूबर 2026। महात्मा गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर विकासखंड रायगढ़ के ग्राम पंचायत नौरंगपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत जागरूकता और स्वास्थ्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गांव में स्वच्छता कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य पर दिया जोर
स्वच्छता कार्यों में लगातार योगदान दे रही स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में उनकी भूमिका को रेखांकित करते हुए उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल के महत्व पर भी जोर दिया गया।

बच्चों ने सीखा कचरा प्रबंधन का तरीका
कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के लिए शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन भी किया गया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट का भ्रमण किया। यहां बच्चों को प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण, प्रबंधन और रीसाइक्लिंग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बच्चों ने कचरे को अलग-अलग करने से लेकर उसके उचित प्रबंधन और पुनर्चक्रण तक की प्रक्रिया को करीब से समझा।
फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट की कार्यप्रणाली समझी
शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट भी ले जाया गया। यहां उन्होंने अपशिष्ट एवं मल के वैज्ञानिक और आधुनिक तरीके से उपचार की प्रक्रिया को नजदीक से देखा और समझा।
इस भ्रमण के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के बीच संबंध की जानकारी मिली।
स्वच्छ गांव का लिया संकल्प
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत नौरंगपुर की सरपंच मीना पद्मलोचन पटेल, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से विरेंद्र कुमार साव, ग्रामीणजन, स्कूली बच्चे, शिक्षकगण और स्वच्छता दीदियां मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और गांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।






