त्योहारी सीजन में मिठाइयां बनाना पड़ सकता है महंगा, यूपी में चीनी का एक्स-मिल रेट 5,200 रुपये प्रति क्विंटल पहुंचा; महाराष्ट्र में भी बढ़े भाव
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। घरों में मिठाइयां और पकवान बनाने की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन इस बीच चीनी की बढ़ती कीमतें आम लोगों का बजट बिगाड़ सकती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, देश के प्रमुख राज्यों में महज छह दिनों के भीतर चीनी की कीमतों में 13 से 17 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। त्योहारी मांग बढ़ने के बावजूद बाजार में पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने से कीमतों पर दबाव बढ़ा है।
उत्तर प्रदेश में 13 प्रतिशत बढ़े चीनी के दाम
उत्तर प्रदेश में चीनी के एक्स-मिल रेट में तेजी देखने को मिली है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को चीनी का एक्स-मिल रेट 4,600 रुपये प्रति क्विंटल था, जो 12 अक्टूबर तक बढ़कर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया। इस दौरान कीमतों में करीब 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
महाराष्ट्र में 17 प्रतिशत तक उछले भाव
महाराष्ट्र में भी चीनी की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, यहां चीनी का भाव बढ़कर 5,100 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में मांग अधिक है, लेकिन बाजार में उसके मुकाबले चीनी की आपूर्ति कम बनी हुई है।
दिवाली पर मिठाइयां हो सकती हैं महंगी
दिवाली के दौरान घरों में मिठाइयां बनाने के साथ-साथ हलवाई की दुकानों पर भी चीनी की खपत बढ़ जाती है। ऐसे में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का असर मिठाई कारोबार और आम उपभोक्ताओं के खर्च पर पड़ सकता है। यदि मांग और आपूर्ति के बीच अंतर बना रहता है, तो त्योहार के दौरान मिठाइयों की लागत बढ़ने की आशंका रहेगी।











