Bihar News: बिहार के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ढाब में नाव डूबने से 11 बच्चों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया और मृतक बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
भोज खाने जा रहे थे बच्चे, बीच ढाब में डूबी नाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 15 से 20 बच्चे एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे।
इसी दौरान बीच ढाब में अचानक नाव डूब गई। हादसे के बाद बच्चों के डूबने की खबर तेजी से फैल गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण और आसपास के गांवों के लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान, एक घंटे तक चला रेस्क्यू
नाव डूबने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों और बचाए गए बच्चों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक हादसे में 11 बच्चों की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिन घरों में बच्चों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद थी, वहां मातम छा गया। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।











