रायगढ़ में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन, शासन की योजनाओं और युवा हितैषी पहलों पर हुई चर्चा
खेल और कला प्रतिभाओं का सम्मान, युवाओं ने साझा किए सुझाव
रायगढ़, 23 अक्टूबर 2026। विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को रायगढ़ में ‘युवा उड़ान 2026’ का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में पंजरी प्लांट स्थित संत बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को देश-प्रदेश के विकास से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा, छत्तीसगढ़ महतारी और स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और शासन की योजनाओं, रोजगार, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, विचारों और रचनात्मक ऊर्जा को देश-प्रदेश के विकास से जोड़ना ‘युवा उड़ान 2026’ का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब युवा देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी मांगने वाले न बनें, बल्कि रोजगार देने वाले, स्टार्टअप शुरू करने वाले और नवाचार को बढ़ावा देने वाले बनें। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम बीजापुर से शुरू होकर बलरामपुर तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। रायगढ़ में भी युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
तोमर ने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की युवा हितैषी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही युवाओं से उनकी अपेक्षाओं, समस्याओं और भविष्य में उनके हित में उठाए जाने वाले कदमों को लेकर सुझाव भी लिए जा रहे हैं। इस संवाद का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
युवा उड़ान केवल कार्यक्रम नहीं, एक सोच है
इस अवसर पर अरुणधर दीवान ने कहा कि युवा उड़ान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सोच है। उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा कलेक्टर का पद छोड़कर युवा नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ने का उदाहरण देते हुए कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, खेल, लाइब्रेरी और नालंदा परिसर जैसी पहलें युवा शक्ति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। युवाओं का लक्ष्य केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और राष्ट्र प्रथम की भावना से प्रेरित नागरिक बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार युवा आयोग के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और विचार साझा करने का मंच उपलब्ध करा रही है।
विकसित छत्तीसगढ़ और भारत 2047 पर हुआ विचार-विमर्श
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं, युवा हितैषी पहलों तथा उपलब्धियों पर चर्चा की गई। विकसित छत्तीसगढ़-विकसित भारत 2047, ‘एक देश-एक चुनाव’ और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
युवाओं ने सवाल पूछकर और अपने सुझाव साझा कर संवाद में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों और निष्कर्षों का प्रतिवेदन तैयार कर आगामी नीतिगत क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग को भेजने की रूपरेखा भी शामिल की गई। इससे युवाओं की आकांक्षाओं और विचारों को विकास से जुड़े निर्णयों में स्थान देने में मदद मिलने की उम्मीद है।
खेल और कला प्रतिभाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शासकीय किरोड़ीमल कला एवं विज्ञान महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। वहीं निहारिका यादव ने कथक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
युवाओं की उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित सम्मान समारोह में राज्य खेल अलंकरण पुरस्कार से सम्मानित अमन तिवारी तथा कला के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने वाली निहारिका यादव को सम्मान चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष हेमलता चौहान, अरुणधर दीवान, सुमित शर्मा, दीपेश सोलंकी, पावन अग्रवाल, प्रवीण द्विवेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेश पटेल, सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण प्रतिमा सागर, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
‘युवा उड़ान 2026’ के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिला। कार्यक्रम में युवाओं को आत्मनिर्भरता, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।











