रायगढ़ और पुसौर विकासखंड की ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों की प्रगति का लिया जायजा, गुणवत्ता और समय-सीमा का पालन करने के निर्देश
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने और ग्रामीण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत संचालित तालाब गहरीकरण कार्यों का अधिकारियों ने निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिजीत बबन पठारे के मार्गदर्शन में किए गए निरीक्षण के दौरान कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का जायजा लिया गया।
जिला पंचायत रायगढ़ के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी एवं तकनीकी समन्वयक ने रायगढ़ और पुसौर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे तालाब गहरीकरण कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने श्रममूलक कार्यों को बढ़ावा देने और ग्रामीणों के लिए रोजगार के अधिक अवसर सृजित करने पर विशेष जोर दिया।
तीन ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान पुसौर विकासखंड की ग्राम पंचायत पचेड़ा में चंदन तालाब गहरीकरण कार्य, रायगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत कुर्मापाली में दर्रा तालाब गहरीकरण कार्य तथा ग्राम पंचायत जोरापाली में नया तालाब गहरीकरण कार्य का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश
अधिकारियों ने कार्यस्थलों पर श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त श्रममूलक कार्यों की पहचान करने को कहा। साथ ही नियमानुसार आवश्यक स्वीकृति की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ विकास कार्यों को भी गति मिल सके।
ग्राम पंचायत जोरापाली में नया तालाब गहरीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान जल के सुचारु प्रवाह और बेहतर प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए इनलेट एवं आउटलेट की व्यवस्था के संबंध में आवश्यक तकनीकी निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि तालाब गहरीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य स्थानीय जरूरतों के अनुरूप और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार पूरे किए जाएं।
जल संरक्षण के साथ ग्रामीण आजीविका को मिलेगा लाभ
तालाबों के गहरीकरण से उनकी जल संग्रहण क्षमता बढ़ाने, वर्षा जल का बेहतर संचयन करने और भूजल स्तर के संवर्धन में मदद मिलेगी। इससे कृषि सहित ग्रामीण आजीविका से जुड़ी गतिविधियों को भी लाभ मिलने की संभावना है।
वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण के कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मैदानी निरीक्षण और तकनीकी मार्गदर्शन के माध्यम से कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि जल संरक्षण के उद्देश्यों को पूरा करने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध कराया जा सके।











