आवास, वन अधिकार पट्टा, पेंशन और जमीन से जुड़े मामलों पर समयबद्ध निराकरण के निर्देश
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। आमजनों की समस्याओं और शिकायतों के निराकरण के लिए सोमवार को जिला कलेक्टोरेट में जनदर्शन का आयोजन किया गया। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना, वन अधिकार पट्टा, पेंशन, जन्म प्रमाण पत्र में सुधार, सामाजिक सुरक्षा बीमा, जमीन से जुड़े विवाद और निर्माण कार्यों सहित विभिन्न विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए।
आवास, पेंशन और वन अधिकार पट्टे की मांग
जनदर्शन में खरसिया निवासी मंगली राठौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन दिया। हरदीझरिया के भजपाल चौहान ने वन अधिकार पट्टा प्रदान करने की मांग रखी, जबकि रायगढ़ बस डिपो की कविता श्रीवास ने जन्म प्रमाण पत्र में त्रुटि सुधार के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
गोपालपुर की अंजलि श्रीवास ने अपनी दिव्यांगता का उल्लेख करते हुए पेंशन दिलाने की मांग की। वहीं, ग्राम मौहापाली की यशोदा राठिया ने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद सामाजिक सुरक्षा बीमा योजना की राशि शीघ्र दिलाने का आग्रह किया। ग्राम कोकड़ीतराई की चंद्रकांति यादव ने अपनी पैतृक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए आवेदन दिया।
अधूरी सड़क और मुक्तिधाम निर्माण का मुद्दा उठा
जनदर्शन में हरदीझरिया के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क का काम पूरा कराने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 3.5 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण प्रस्तावित था, लेकिन लगभग 2 किलोमीटर सड़क बनने के बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गांव में मुक्तिधाम निर्माण की मांग भी रखी।
इसी तरह ग्राम पंचायत धनागर के सरपंच ने प्राथमिक शाला के पुराने एवं जर्जर शौचालय भवन को हटाकर नया शौचालय बनवाने की स्वीकृति देने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
मजदूरी भुगतान और स्कूल भवन निर्माण के आवेदन भी मिले
जनदर्शन में आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों के कर्मचारियों की मजदूरी के भुगतान, पेंशन प्रकरणों के निराकरण और प्राथमिक शाला के नए भवन निर्माण सहित अन्य समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच करने और शासन के नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन का उद्देश्य जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करना है, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके और स्थानीय समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।











