भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर काम करने, रिश्वत न लेने-देने और शासकीय कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का लिया संकल्प
रायगढ़, 26 अक्टूबर 2026। जिला कलेक्टोरेट कार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय सहयोग करने तथा शासकीय कार्यों में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने की शपथ ली। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे ने अधिकारियों-कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
इस दौरान सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी बरतने, कानून का पालन करने तथा न रिश्वत लेने और न देने का संकल्प लिया। साथ ही शासकीय कार्यों को पारदर्शी तरीके से संपादित करने, जनहित को सर्वोपरि रखने और अपने व्यक्तिगत आचरण में सत्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रतिबद्धता जताई।
भ्रष्टाचार उन्मूलन में सामूहिक भागीदारी पर जोर
शपथ के दौरान भ्रष्टाचार को देश की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक प्रगति में बाधक बताते हुए इसके उन्मूलन के लिए सरकार, नागरिकों और निजी क्षेत्र की सामूहिक भागीदारी को आवश्यक बताया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने भ्रष्टाचार की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित एजेंसी को देने तथा इसके विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।
पारदर्शी प्रशासन और बेहतर सेवाएं देने की प्रतिबद्धता
इस अवसर पर शासकीय कार्यों में नैतिक मूल्यों, जवाबदेही और पारदर्शिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।
सत्यनिष्ठा की यह शपथ प्रशासनिक कार्यप्रणाली में ईमानदारी को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था के निर्माण की दिशा में सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देती है।











