
15 नवंबर को दिखेगी दो आयोजनों की अलग-अलग पहचान, जनजाति गौरव दिवस से अलग सर्व आदिवासी समाज ने तेज की बिरसा जयंती की तैयारी
जल, जंगल और जमीन की रक्षा का संकल्प ही भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि – कार्यकारिणी सदस्य
पत्रकार हीरालाल राठिया लैलूंगा रायगढ़
धरमजयगढ़। महान आदिवासी जननायक, जनक्रांति के अग्रदूत एवं स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को लेकर धरमजयगढ़ क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार 15 नवंबर को क्षेत्र में दो अलग-अलग आयोजनों की अपनी-अपनी पहचान देखने को मिलेगी। एक ओर जनजाति गौरव दिवस के आयोजन को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज द्वारा अपने पारंपरिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्वरूप में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने की तैयारी की जा रही है।
इसी कड़ी में सर्व आदिवासी समाज की ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य धरमजयगढ़ के पीपरमार स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचे। यहां आगामी जयंती आयोजन को लेकर चर्चा की गई तथा भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
इस दौरान कार्यकारिणी सदस्यों ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और अस्तित्व की लड़ाई लड़ते हुए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनकी जयंती मनाना केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि उनके विचारों, संघर्षों और बलिदान को आत्मसात करने का अवसर है। यदि हम वास्तव में उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देना चाहते हैं, तो जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के साथ आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए भी संकल्पित होना होगा।
*जनजाति गौरव दिवस अलग, सर्व आदिवासी समाज का जयंती समारोह अलग*
15 नवंबर को लेकर इस बार क्षेत्र में दो अलग-अलग आयोजनों की चर्चा है। एक ओर जनजाति गौरव दिवस के आयोजन को लेकर राजनीतिक एवं प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं। बड़े नेताओं के आगमन और हेलीकॉप्टर से उनके पहुंचने की चर्चाओं के बीच आयोजन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी भी दिखाई दे रही है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज अपने स्तर पर वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने की तैयारी में जुटा हुआ है।
यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि जनजाति गौरव दिवस का आयोजन और सर्व आदिवासी समाज द्वारा आयोजित भगवान बिरसा मुंडा जयंती समारोह दो अलग-अलग आयोजन हैं। दोनों का अपना महत्व, उद्देश्य और स्वरूप है।
*वर्षों से हजारों की संख्या में एकजुट होकर जयंती मनाता आ रहा है समाज*
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज द्वारा धरमजयगढ़ क्षेत्र में कई वर्षों से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती बड़े उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाई जाती रही है। हर वर्ष समाज के हजारों लोग पारंपरिक वेशभूषा, तीर-कमान और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान के साथ नगर में भव्य रैली निकालते हैं। इस रैली में आदिवासी समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलती है।
रैली के माध्यम से समाज अपनी विभिन्न मांगों, संवैधानिक अधिकारों और मूलभूत समस्याओं को लेकर शासन-प्रशासन के समक्ष ज्ञापन भी प्रस्तुत करता है। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिसमें आदिवासी लोकनृत्य, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज अपनी विशिष्ट पहचान और गौरवशाली विरासत को प्रदर्शित करता है।
यह आयोजन केवल एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक अस्मिता, अधिकारों की आवाज और आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने का एक बड़ा मंच बन चुका है।
*बिरसा मुंडा चौक में प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण की मांग वर्षों से लंबित*
इस पूरे आयोजन के बीच धरमजयगढ़ के पीपरमार स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक का मुद्दा भी एक बार फिर चर्चा में है। सर्व आदिवासी समाज द्वारा लंबे समय से बिरसा मुंडा चौक में भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा स्थापित करने और चौक का समुचित सौंदर्यीकरण कर उसे दर्शनीय स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठाई जाती रही है।
समाज की मांग है कि जिस महान जननायक ने आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके नाम पर स्थापित चौक को भी उसी गौरव और सम्मान के अनुरूप विकसित किया जाना चाहिए। यहां प्रतिमा स्थापना के साथ आकर्षक सौंदर्यीकरण और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भगवान बिरसा मुंडा के इतिहास और योगदान से परिचित हो सकें।
लेकिन समाज की ओर से वर्षों से उठाई जा रही इस मांग के बावजूद अब तक शासन की ओर से अपेक्षित सहयोग और ठोस पहल देखने को नहीं मिली है। ऐसे में हर वर्ष जयंती के अवसर पर यह मांग फिर से प्रमुखता से सामने आती है।
*बड़े आयोजनों के बीच समाज की वर्षों पुरानी मांग पर भी उठेंगे सवाल*
एक तरफ जनजाति गौरव दिवस को लेकर बड़े स्तर पर आयोजन की तैयारियां हैं, नेताओं का आगमन हो रहा है और आदिवासी गौरव एवं अस्मिता की बातें हो रही हैं। वहीं दूसरी ओर सर्व आदिवासी समाज वर्षों से अपने संसाधनों, सामाजिक एकजुटता और परंपरागत सहभागिता के दम पर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाता आ रहा है।
ऐसे में यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि जब आदिवासी महापुरुषों के सम्मान और जनजातीय गौरव की बात बड़े मंचों से की जा रही है, तो धरमजयगढ़ में भगवान बिरसा मुंडा चौक पर प्रतिमा स्थापना और सौंदर्यीकरण जैसी समाज की वर्षों पुरानी मांग को अब तक पूरा करने की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं हो पाई?
इस बार 15 नवंबर को होने वाले दोनों अलग-अलग आयोजनों पर क्षेत्रवासियों की नजरें रहेंगी। एक ओर जनजाति गौरव दिवस का आयोजन होगा, तो दूसरी ओर सर्व आदिवासी समाज अपने पारंपरिक अंदाज में हजारों की संख्या में एकजुट होकर भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने की तैयारी में है।
अब देखना होगा कि दोनों आयोजनों का स्वरूप क्या रहता है और सबसे महत्वपूर्ण बात यह होगी कि भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान, आदिवासी समाज की अस्मिता तथा वर्षों से लंबित प्रतिमा स्थापना और चौक के सौंदर्यीकरण की मांग को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से क्या ठोस पहल सामने आती है।
*क्योंकि भगवान बिरसा मुंडा का सम्मान केवल मंचों से जयकारे लगाने और आयोजन करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। उनके जल जंगल जमीन की सुरक्षित विचारों को धरातल पर उतारना, उनके इतिहास को संरक्षित करना और आदिवासी समाज की संस्कृति, अधिकारों एवं अस्मिता का सम्मान करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।*
महेन्द्र सिदार ब्लॉक अध्यक्ष धरमजयगढ़ सर्व आदिवासी समाज











