भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की दिखेगी झलक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने अधिकारियों को दिए समय-सीमा में तैयारी पूरी करने के निर्देश
रायगढ़, 10 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन किया जाएगा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को समर्पित इस कार्यक्रम की तैयारियां जिला प्रशासन ने शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
मंच, सुरक्षा और अतिथियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
बैठक में कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण एवं सजावट, टेंट, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल, बिजली, प्रकाश, ध्वनि व्यवस्था, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और आम नागरिकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनी की होगी व्यवस्था
कलेक्टर ने विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के आगमन, स्वागत, बैठक और भोजन व्यवस्था के साथ आमंत्रण पत्रों के वितरण को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गतिविधियों और प्रदर्शनी के लिए समुचित प्रबंध करने को कहा। कार्यक्रम के मीडिया कवरेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
विभागवार अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
आयोजन के सुचारू संचालन के लिए विभागवार अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य करने और कार्यक्रम स्थल का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनजातीय अस्मिता और विरासत को समर्पित होगा आयोजन
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया था। यह दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक जीवनशैली और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को याद करने का अवसर है। धरमजयगढ़ में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन में जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।











