तेलंगाना के खम्मम जिले में मछुआरों को बचाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज हवा और पानी के बहाव के कारण SDRF की दो नावें झील में पलट गईं। हादसे के बाद 10 कांस्टेबल लापता हैं, जिनकी तलाश में बचाव दल जुटा हुआ है।
मछुआरों को बचाने पहुंची SDRF की नावें पलटीं
तेलंगाना के खम्मम जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां सथुपल्ली मंडल स्थित बेथुपल्ली झील में पांच मछुआरों को बचाने के लिए पहुंची राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की दो नावें अचानक पलट गईं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज हवा और पानी के तेज बहाव के कारण यह हादसा हुआ। नावों के पलटने के बाद 10 कांस्टेबल लापता हो गए। सूचना मिलते ही डीप-सी डाइवर्स और अन्य बचावकर्मी मौके पर पहुंचे और लापता जवानों की तलाश शुरू कर दी।
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, तलाश अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। झील में लापता कांस्टेबलों की तलाश के लिए गोताखोरों और बचाव दलों की मदद ली जा रही है। अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिए रेस्क्यू के निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने खम्मम जिले में हुए हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर को SDRF के लापता जवानों को सुरक्षित निकालने के लिए हरसंभव प्रयास करने को कहा है।











