जशपुर में जंगल के रास्ते पैदल हांककर ले जाए जा रहे थे 9 गौवंश, कुनकुरी में पिकअप से 4 गौवंश बरामद; तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त, सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए।
जशपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ जशपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी पुलिस ने कुल 13 गौवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कुनकुरी पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वाहन को भी जब्त किया है।

पुलिस की यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
जंगल के रास्ते 9 गौवंशों को ले जा रहे थे तस्कर, एक आरोपी मौके से गिरफ्तार
सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को 2 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति दमेंरा जंगल के रास्ते जकबा होते हुए गौवंशों को पैदल हांककर झारखंड की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल जकबा की ओर रवाना हुई।
पुलिस ने जकबा जंगल के पास दो व्यक्तियों को 9 गौवंशों को पैदल ले जाते देखा। इस दौरान आरोपी पशुओं के साथ मारपीट कर उन्हें क्रूरतापूर्वक आगे बढ़ा रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान यूसुफ अंसारी (48 वर्ष), निवासी डडगांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर के रूप में हुई। पुलिस ने गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 9 गौवंशों को बरामद कर मुक्त कराया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पूछताछ में सामने आए तीन अन्य नाम, पुलिस ने सभी को पकड़ा
मामले की विवेचना और गिरफ्तार आरोपी यूसुफ अंसारी से पूछताछ के दौरान गौवंश तस्करी में शामिल तीन अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आई। इसके बाद एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुरैशी (32 वर्ष), निवासी ग्राम गोविन्दपुर, थाना जारी, जिला गुमला (झारखंड), मो. एजाज अंसारी (36 वर्ष), निवासी डडगांव, चौकी मनोरा और हेमंत यादव (37 वर्ष), निवासी ग्राम ओरकेला, चौकी सोनक्यारी, जिला जशपुर शामिल हैं।
इस तरह सिटी कोतवाली जशपुर के मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
कुनकुरी में पिकअप से 4 गौवंश बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में कुनकुरी पुलिस को 2 नवंबर की सुबह करीब 5:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-CG-8166 में गौवंशों को भरकर पत्थलगांव-कुनकुरी मार्ग से जशपुर की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल लोयोला स्कूल के सामने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में चार गौवंश लोड मिले। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान आमोद राम (24 वर्ष), मंगरा राम (45 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम भेलवाडीह, थाना लोदाम तथा अल्फोना कुजूर (42 वर्ष), निवासी ग्राम टिकैतगंज, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर चारों गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH-01-CG-8166 भी जब्त कर लिया।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गौवंशों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाने की योजना थी।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की दो टूक, तस्करी में शामिल लोगों पर होगी सख्त कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। सिटी कोतवाली जशपुर और कुनकुरी क्षेत्र में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 13 गौवंशों को मुक्त कराया गया है तथा 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में संलिप्त लोगों पर पुलिस की लगातार निगरानी है। इस अवैध गतिविधि में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
दोनों कार्रवाइयों में सिटी कोतवाली जशपुर के थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक संजीव कायता सहित पुलिस टीम तथा कुनकुरी थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, उप निरीक्षक राकेश सिंह, पीएसआई शेखर सिंह राजपूत सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











