जनगणना 2026 की प्रक्रिया में नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। अब परिवार का विवरण दर्ज कराने के लिए सरकारी कर्मचारियों के घर पहुंचने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नागरिक मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से घर बैठे ही अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। स्वगणना की यह सुविधा 16 नवंबर से शुरू होकर 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए सरकार की ओर से ऑनलाइन पोर्टल निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन पोर्टल पर करना होगा पंजीकरण
स्वगणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। यहां सबसे पहले उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सत्यापन के बाद परिवार से संबंधित जानकारी भरने का विकल्प उपलब्ध होगा।
परिवार के विवरण के साथ 40 सवालों के देने होंगे जवाब
ऑनलाइन फॉर्म में परिवार के सभी सदस्यों से जुड़ी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके अलावा पोर्टल पर पूछे गए 40 सवालों के जवाब भी देने होंगे। नागरिकों को मानचित्र पर अपने घर की सही लोकेशन चिह्नित करनी होगी, ताकि निवास स्थान की पुष्टि की जा सके। सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा।
फॉर्म जमा करने पर मिलेगी 11 अंकों की SE ID
स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने और जानकारी सबमिट करने के बाद नागरिकों को 11 अंकों की विशेष पहचान संख्या यानी SE ID जारी की जाएगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। बाद में जब जनगणना कर्मचारी घर पहुंचेंगे, तब नागरिकों को उन्हें यह आईडी दिखानी होगी। कर्मचारी SE ID के आधार पर ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का मिलान करेंगे।











