गुवाहाटी के पास दिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह हुआ हादसा, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका; फिलहाल किसी की मौत की खबर नहीं
सुबह 6:54 बजे हुआ हादसा
असम में बुधवार, 11 नवंबर की सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे बेपटरी हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, किसी की मौत की सूचना नहीं है।
दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के दौरान दुर्घटना
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) के मुताबिक, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे दिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को रास्ता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की गति नियंत्रित नहीं कर सके और इंजन सहित पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
घायलों की स्थिति को लेकर जानकारी का इंतजार
हादसे के बाद यात्रियों के घायल होने की आशंका सामने आई है। हालांकि, घायलों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। घटना में किसी की जान जाने की पुष्टि भी नहीं हुई है।











