धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। 8 से 10 नवंबर तक चले 72 घंटे के अभियान में पुलिस ने शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कई जुआ फड़ों पर दबिश दी। इस दौरान कुल 48 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 3 लाख 29 हजार 320 रुपये नकद और ताश की गड्डियां जब्त की गईं।
पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 21 जुआरी गिरफ्तार
अभियान के दूसरे दिन चौकी बिरेझर, थाना भखारा और सिहावा की संयुक्त पुलिस टीमों ने पांच अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस ने चरोद रंगमंच, उमरगांव, देवरी बाजार चौक, भेलवाकूद्रा और बिरगुड़ी में चल रहे जुआ फड़ों पर दबिश दी।
इस कार्रवाई में 21 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 हजार 570 रुपये नकद जब्त किए गए। बिरेझर क्षेत्र में पकड़े गए आरोपियों में रायपुर जिले के अभनपुर और दुर्ग जिले के आरोपी भी शामिल थे। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय जुआरियों की आवाजाही का भी खुलासा हुआ।
सोरिद नगर में बड़े जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश
अभियान की सबसे बड़ी कार्रवाई धमतरी के सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोरिद नगर के डीपो पारा रोड पर की गई। यहां भोला साहू के घर के पास चबूतरे पर जुआ फड़ संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर छापा मारा।
मौके से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें पुरुषोत्तम महावर, उमेश देवांगन, भोलाराम साहू, कमलेश गोयल, मनीष उर्फ मनोज राठी, गोपाल उर्फ छोटू साहू और संतोष शर्मा शामिल हैं।
एक ही फड़ से 3.09 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने सोरिद नगर की कार्रवाई में कुल 3 लाख 9 हजार 350 रुपये नकद जब्त किए। इसमें जुआ फड़ से 2 लाख 350 रुपये और आरोपियों के पास से 1 लाख 9 हजार रुपये बरामद हुए।
तीन दिनों के अभियान में कुल 48 आरोपियों की गिरफ्तारी और 3 लाख 29 हजार 320 रुपये की जब्ती के साथ पुलिस ने जिले में संचालित जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की है।











