केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधा; हेल्थ मेले में 48 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग और 10 हितग्राहियों को परिवार नियोजन परामर्श
स्वास्थ्य शिविर और आरोग्य मंदिर का किया निरीक्षण
रायगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और आम नागरिकों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जिला स्तरीय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोईंग विकासखंड के ग्राम छुहीपाली स्थित हेल्थ मेला शिविर और आयुष्मान आरोग्य मंदिर कुकरदा का निरीक्षण किया।
शिविर के दौरान 48 लोगों की गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की गई। वहीं 10 परिवार नियोजन हितग्राहियों को परामर्श दिया गया। इसके अलावा हाथीपांव से पीड़ित एक मरीज का फॉलोअप भी किया गया।
नशे की लत से छुटकारा दिलाने के लिए विशेष केंद्र
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत और जिला कार्यक्रम प्रबंधक रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोईंग में संचालित विशेष नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं की जानकारी भी आम नागरिकों को दी।
इस केंद्र का उद्देश्य शराब, तंबाकू, सिगरेट और अन्य मादक पदार्थों की लत से प्रभावित लोगों को उपचार एवं परामर्श के माध्यम से नशामुक्त जीवन की ओर प्रेरित करना है। यहां जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क उपचार, काउंसलिंग और भर्ती की सुविधा उपलब्ध है।
10 बिस्तरों वाले केंद्र में 24 घंटे निःशुल्क उपचार
लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र में 10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। यहां मरीजों की देखभाल के लिए चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और काउंसलर तैनात हैं। मरीजों को मेडिकल डिटॉक्सिफिकेशन, विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल, नियमित काउंसलिंग और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाता है।
इसके साथ ही मरीजों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए योग, ध्यान और व्यायाम कराया जाता है। केंद्र में संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के साथ सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाता है।
परिजनों को भी दी जाती है काउंसलिंग
नशे की लत से प्रभावित व्यक्ति के उपचार में परिवार की भूमिका को ध्यान में रखते हुए केंद्र में मरीजों के परिजनों को भी गोपनीय तरीके से विशेषज्ञ परामर्श दिया जाता है। इससे परिवार के सदस्यों को नशे की समस्या समझने और मरीज के उपचार एवं पुनर्वास में सहयोग करने में मदद मिलती है।
उपचार के बाद घर लौटने वाले मरीजों को दोबारा नशे की लत से बचाने के लिए नियमित फॉलोअप और मार्गदर्शन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
नशामुक्त समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की लत को केवल व्यक्तिगत समस्या न समझें। इसका असर व्यक्ति के साथ उसके परिवार और पूरे समाज पर पड़ता है। विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
विभाग ने नशे की लत से प्रभावित लोगों को लोईंग स्थित नशा मुक्ति केंद्र तक पहुंचाने और वहां उपलब्ध निःशुल्क उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास सुविधाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की है।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जिला नोडल अधिकारी एनसीडी डॉ. जावेद मरीकर, डीएलओ डॉ. अविनाश चन्द्रा, जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती उमा महंत और डीपीएचएन एनसीडी सलाहकार सीमा बरेठ उपस्थित रहे।











