कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने की योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्य समय-सीमा में पूरे करने और निर्माण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
रायगढ़, 18 नवंबर 2026। रायगढ़ जिले को ‘हर घर जल’ जिला बनाने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन ने जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने की कवायद शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मिशन के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों के क्रियान्वयन और भुगतान संबंधी प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। समूह नल-जल योजनाओं के शेष कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को नियमित रूप से स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक काम करें।
पेयजल गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला होगी सुसज्जित
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित करने पर चर्चा हुई। इसके लिए जरूरी केमिकल, उपकरण और अन्य सामग्री की खरीदी के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
प्रशिक्षण और योजनाओं के संचालन की भी हुई समीक्षा
कलेक्टर ने पूर्ण एवं हस्तांतरित रेट्रोफिटिंग नल-जल योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। जल जीवन मिशन 2.0 की राज्य क्षमता विकास कार्ययोजना के तहत जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स के नामांकन और प्रशिक्षण की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
इसके अलावा विद्यार्थियों की ऑनलाइन प्रतियोगिता ‘पेयजल गाथा’ में सहभागिता बढ़ाने तथा एकल ग्राम नल-जल योजनाओं के भुगतान के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल की जानकारी भी ली गई।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यपालन अभियंता प्रतिभा नवरतन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य उपस्थित रहे।











