नवापारा के स्कूलों में विदाई के दौरान छलके आंसू, प्रशिक्षु शिक्षकों ने न्योता भोज कर बच्चों को परोसी पूरी, चना और जलेबी
विदाई के वक्त भावुक हुए बच्चे और शिक्षक
नवापारा राजिम। पी.एम.श्री हरिहर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), गोबरा नवापारा एवं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला, नवापारा में चार माह तक अध्यापन कार्य करने वाले बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच बने आत्मीय रिश्ते की भावुक झलक देखने को मिली। विदाई के समय कई बच्चों की आंखें नम हो गईं और वे अपने प्रिय शिक्षकों को जाने से रोकने के लिए उनके हाथ-पैर पकड़ने लगे।

चार माह में पढ़ाई के साथ बनाया स्नेह का रिश्ता
चार माह के अध्यापन कार्य के दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों ने बच्चों को पाठ्यक्रम की पढ़ाई कराने के साथ उनके साथ खेल, गतिविधियों और विभिन्न अनुभवों के माध्यम से जुड़ाव बनाया। यही वजह रही कि विदाई का समय आते ही विद्यालय का माहौल भावुक हो गया। बच्चों का निश्छल प्रेम प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।

पेन, डायरी और गुलदस्ते देकर दी विदाई
विदाई समारोह में आंचल साहू, लिलेश्वरी साहू, अंतरा वर्मा, तोशिका साहू, उमा चेलक, मोनिमा चेलक, जय यादव, हिरेन्द्र साहू, स्मित शर्मा, भावेश मिश्रा सहित अन्य विद्यार्थियों ने अपने प्रिय प्रशिक्षु शिक्षकों को पेन, डायरी और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया। छोटे-छोटे उपहारों के माध्यम से बच्चों ने अपने स्नेह और भावनाओं को व्यक्त किया।

न्योता भोज में पूरी, चना और जलेबी का आनंद
विदाई समारोह के अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में न्योता भोज का आयोजन किया। इसमें सभी बच्चों को पूरी, चना और जलेबी परोसी गई। बच्चों ने उत्साह और आनंद के साथ भोजन किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा करने और विद्यालय के प्रति अपने जुड़ाव को व्यक्त करने का माध्यम बना।
शिक्षकों ने प्रशिक्षुओं के समर्पण की सराहना की
कार्यक्रम में पी.एम.श्री हरिहर सेजेस के प्राचार्य महेश नेताम, लीना देवांगन, कुन्तल देवांगन, सौरभ साहू, भोमेश देवांगन, ओंमकार साहू, चंद्रकांत धनकर, डॉली साहू एवं अल्फिया बानो उपस्थित रहे। वहीं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर, विनोद साहनी, अश्वनी साहू, बी.एल. साहू सहित अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। सभी ने प्रशिक्षुओं के अध्यापन कार्य, समर्पण और बच्चों के प्रति आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सात प्रशिक्षु शिक्षकों ने निभाई अध्यापन की जिम्मेदारी
चार माह तक अध्यापन करने वाले बी.एड. प्रशिक्षुओं में दीपक साहू, मनीष कुमार, योगेश, करुणा, वंशिका तिवारी, रजनी एक्का और टिंकल राज राठिया शामिल रहे। इन प्रशिक्षुओं ने विद्यालय में बच्चों के साथ समय बिताते हुए शिक्षण अनुभव प्राप्त किया।
चार माह का अध्यापन कार्य भले ही समाप्त हो गया, लेकिन बच्चों और प्रशिक्षु शिक्षकों के बीच बना स्नेह का रिश्ता इस विदाई को यादगार बना गया। यह आयोजन इस बात की मिसाल बना कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच विश्वास, अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव भी इसका अहम हिस्सा है।











