नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में सजेगा साहित्य का महाकुंभ, साहित्यकारों और वरिष्ठ अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
आयोजन की तैयारियां तेज
छत्तीसगढ़ सरकार ने रायपुर साहित्य उत्सव-2027 के आयोजन की तैयारियां तेज कर दी हैं। तीन दिवसीय यह साहित्य उत्सव आगामी 8, 9 और 10 जनवरी को नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए राज्य शासन के जनसंपर्क विभाग ने आठ सदस्यीय सलाहकार समिति का गठन किया है।
आठ प्रमुख हस्तियों को मिली जिम्मेदारी
राज्य शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सलाहकार समिति में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा और छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा को शामिल किया गया है।
साहित्य और मीडिया जगत के प्रतिनिधि भी शामिल
समिति में मुख्यमंत्री के प्रेस ऑफिसर आलोक सिंह, प्रख्यात साहित्यकार एवं स्तंभकार अनंत विजय, पांचजन्य के संपादक हितेश शंकर तथा साहित्य परिषद, दिल्ली के मनोज कुमार को भी सदस्य बनाया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की तैयारी
रायपुर साहित्य उत्सव-2027 का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना और छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक परंपरा एवं विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। सलाहकार समिति आयोजन की रूपरेखा तैयार करने, गतिविधियों के संचालन और उत्सव को व्यापक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











