बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है। हालांकि, उन्होंने मांग की है कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं को 33 प्रतिशत महिला आरक्षण के भीतर अलग से आरक्षण देने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि इससे सदियों से शोषित, पीड़ित और उपेक्षित महिलाओं को राजनीति में उचित भागीदारी का अवसर मिल सकेगा।
महिला आरक्षण जल्द लागू करने की मांग
मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी शुरुआत से ही सर्वसमाज की महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसरों की पक्षधर रही है। पार्टी लंबे समय से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की मांग करती आ रही है।
आंबेडकर के संविधान की भावना का दिया हवाला
बसपा प्रमुख ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के समतामूलक संविधान की भावना के अनुरूप महिलाओं को राजनीति में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से SC और ST वर्ग की महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की व्यवस्था पर जोर दिया, ताकि वंचित वर्ग की महिलाओं को भी राजनीतिक भागीदारी का पर्याप्त अवसर मिल सके।











