केंद्र की मोदी सरकार की कैबिनेट बैठक खत्म हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई यह बैठक करीब 40 मिनट तक चली। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संसद के आगामी विशेष सत्र की कार्यवाही और परिसीमन विधेयक पर चर्चा हुई। कैबिनेट ने परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान अनुपात से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रस्ताव रखा गया है। सीटों की संख्या में यह बढ़ोतरी वर्ष 2051 तक लागू रखने की बात कही गई है।
महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी
कैबिनेट ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को भी मंजूरी दी है। इसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं में एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रखने का प्रावधान है।
संसद के विशेष सत्र में पेश हो सकते हैं विधेयक
परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक, लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू होगी। 3 दिसंबर को सत्रावसान प्रस्तावित है। सरकार ने विधेयकों को पारित कराने के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने की तैयारी की है।
हालांकि, विपक्षी दल सरकार की प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि विपक्ष को विधेयक की जानकारी नहीं दी गई और न ही इसकी प्रति उपलब्ध कराई गई। विपक्ष का कहना है कि महज चार दिन के नोटिस पर संसद का सत्र बुलाना उचित नहीं है।
शरद पवार और स्टालिन की पार्टियों के समर्थन की चर्चा
परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी खेमे में भी अलग-अलग रुख सामने आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के आठ सांसद विधेयक के समर्थन में मतदान कर सकते हैं। वहीं, डीएमके के 22 सांसदों के भी सरकार के समर्थन में आने की चर्चा है। सूत्रों का दावा है कि सरकार के पास करीब 355 सांसदों का समर्थन है।
विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को बीजेपी की बड़ी भूल बताया है। वहीं, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने विधेयक को देश की आत्मा पर हमला करार देते हुए सरकार की आलोचना की है।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी विधेयक का विरोध करने की बात कही है। उनका आरोप है कि परिसीमन के जरिए हिंदी भाषी राज्यों में लोकसभा सीटें बढ़ाकर बीजेपी को राजनीतिक फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
दूसरी ओर, आरजेडी सांसद सुरेंद्र यादव ने परिसीमन का समर्थन किया है। उनका कहना है कि लोकसभा की सीटों में बढ़ोतरी होती है तो उनकी पार्टी इसके पक्ष में है। इस तरह परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समर्थन और विरोध का दौर जारी है।











