
कोरबा। कोरबा पुलिस ने अंतरराज्यीय बैंक सेंधमारी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना दीपका क्षेत्र स्थित यूनियन बैंक की प्रगतिनगर शाखा में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने वाले गिरोह के दो शातिर आरोपियों को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त कर ली है। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने इस जटिल मामले का सफल खुलासा किया।पुलिस के अनुसार जिले में संगठित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना दीपका पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
मामला 4 जून 2026 का है, जब यूनियन बैंक, प्रगतिनगर दीपका के शाखा प्रबंधक ने थाना दीपका में शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात बदमाशों ने रात के समय बैंक के पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करने और चोरी का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4) एवं 62 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। घटनास्थल से मिले तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए हरियाणा के रोहतक पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र बड़क (33 वर्ष) एवं परवीन कुमार (36 वर्ष) निवासी रोहतक, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त टोयोटा हाइराइडर कार भी जब्त की है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर कोरबा लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।कोरबा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि जिले में सक्रिय या बाहर से आकर अपराध करने वाले गिरोहों के विरुद्ध सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अपराध संबंधी सूचना तत्काल अपने निकटतम थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
“सतर्क नागरिक – सुरक्षित समाज” के संदेश के साथ कोरबा पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।








