पुल के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान हुआ हादसा
गरियाबंद। भूतेश्वरनाथ दर्शन के बाद रायपुर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि पुल के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इस दौरान सड़क किनारे पैदल चल रहा एक व्यक्ति बस की चपेट में आकर घायल हो गया।

112 की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। घायल व्यक्ति को तत्काल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सड़क पर लगा जाम, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
बस के सड़क से उतरने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने में जुट गई। हादसे में बस में सवार श्रद्धालुओं की स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।





