काले रंग की पल्सर से आए थे आरोपी; वारदात के बाद तहसील कार्यालय की ओर फरार, CCTV फुटेज के आधार पर तलाश तेज
रायगढ़, 29 सितंबर 2026। शहर के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत केलो विहार के शिव मंदिर मार्ग पर मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई। बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजनी सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी श्रीमती गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटा और दोनों आरोपी तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने शुरू की नाकेबंदी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, थाना चक्रधरनगर की पुलिस टीम और साइबर स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध, पहचान की कोशिश जारी
पुलिस द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में मिले संदिग्धों के फोटो विभिन्न WhatsApp ग्रुप में साझा कर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस मुखबिरों के माध्यम से भी संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी में जुटी हुई है।
पुलिस ने आमजन से की सूचना देने की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध आरोपियों या घटना से संबंधित कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल थाना प्रभारी चक्रधरनगर – 9479193210 अथवा पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ – 9479193299 पर सूचना दें।






