तमनार चौक के पास पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, ₹5.29 लाख का कबाड़ जब्त; वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
रायगढ़, 24 अक्टूबर। जिले में अवैध कबाड़ परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तमनार चौक के पास जांच के दौरान 17.650 टन स्क्रैप कबाड़ से लदे 12 चक्का ट्रक को जब्त किया है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत 5 लाख 29 हजार 500 रुपये बताई गई है। चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह में ट्रक और कबाड़ को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा ट्रक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान थाना पूंजीपथरा के प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव को सूचना मिली कि ट्रक क्रमांक CG 13 LA 2763 में स्क्रैप कबाड़ लोड कर परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तमनार चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका और जांच की। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रमेश यादव, पिता डल्लू यादव, उम्र 45 वर्ष, निवासी रसूलपुर, थाना सरायमीर, जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश बताया।
दस्तावेज नहीं मिलने पर जब्ती
ट्रक में लोड स्क्रैप कबाड़ के संबंध में पुलिस ने चालक से वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने 17.650 टन स्क्रैप कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत 5,29,500 रुपये है, और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 12 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) तथा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(क) और 35(ड) का उल्लेख करते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने दी नियमों के पालन की हिदायत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ परिवहन, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कबाड़ कारोबार से जुड़े सभी लोगों को वैध दस्तावेजों के साथ ही परिवहन और व्यापार करना चाहिए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।











