पूंजीपथरा पुलिस की दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई, शराब परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी भी जब्त
रायगढ़, 24 अक्टूबर। जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 32 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 3,200 रुपये बताई गई है, जब्त की है। इनमें से एक मामले में शराब परिवहन के लिए इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई 23 अक्टूबर को की गई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।
स्कूटी से शराब ले जाते युवक को पकड़ा
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई तुमीडीह–सराईपाली मार्ग पर की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध महुआ शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन ने आरक्षक नरेंद्र कुमार पैंकरा और सुरेंद्र यादव के साथ मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय साहू (24 वर्ष), पिता उसत राम साहू, निवासी सराईपाली, थाना पूंजीपथरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500-500 मिलीलीटर के 20 पाउच में भरी कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 1,000 रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब के साथ सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 AH 5891 भी जब्त कर ली।
जमडबरी रोड पर 22 लीटर महुआ शराब बरामद
दूसरी कार्रवाई जिंदल प्लांट पूंजीपथरा के पीछे जमडबरी रोड पर की गई। पेट्रोलिंग के दौरान प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा को सूचना मिली कि सड़क किनारे एक व्यक्ति बिक्री के लिए अवैध महुआ शराब रखे हुए है।
सूचना पर प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा ने आरक्षक कीर्तन यादव और आदिकंद प्रधान के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस ने संदिग्ध को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम राजेंद्र निषाद (38 वर्ष), पिता संतराम निषाद, निवासी सराईपाली, थाना पूंजीपथरा बताया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 44 पाउच में भरी कुल 22 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत 2,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
कार्रवाई में पुलिस टीम की रही भूमिका
दोनों कार्रवाइयों में कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब और एक स्कूटी जब्त की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन, प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा तथा आरक्षक नरेंद्र कुमार पैंकरा, सुरेंद्र यादव, कीर्तन यादव और आदिकंद प्रधान की सक्रिय भूमिका रही।











