शांति व्यवस्था भंग करने और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतों पर कार्रवाई, एसडीएम के समक्ष पेश करने के बाद भेजे गए जेल
जशपुर। आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जशपुर पुलिस ने असामाजिक तत्वों और आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में पत्थलगांव पुलिस ने छह व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ गांव में बार-बार लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग करने और अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहने की शिकायतें मिलती रही हैं।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को दिए निर्देश
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने, विवाद की आशंका वाले व्यक्तियों को चिह्नित करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध समय रहते वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
पत्थलगांव में इन छह व्यक्तियों पर कार्रवाई
पत्थलगांव पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत छह व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं—
- फकीर यादव (34 वर्ष) — निवासी तमता, बथान पारा, थाना पत्थलगांव।
- शिव कुमार पोर्ते (44 वर्ष) — निवासी खरकाता, बेल पारा, थाना पत्थलगांव।
- सिराज हुसैन (26 वर्ष) — निवासी मदनपुर इंजको, थाना पत्थलगांव।
- जगदीश वैष्णव (34 वर्ष) — निवासी तमता, थाना पत्थलगांव।
- संतोष नामदेव उर्फ बांगड़ा (28 वर्ष) — निवासी प्रेमनगर, थाना पत्थलगांव।
- सालिक तिर्की (55 वर्ष) — निवासी प्रेमनगर, थाना पत्थलगांव।
सभी संबंधित व्यक्ति जिला जशपुर, छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, इनके विरुद्ध पूर्व में भी वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। दोबारा विवाद होने और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दीपावली से पहले यह कदम उठाया गया।
संभावित विवादों पर रहेगी पुलिस की नजर
जशपुर पुलिस ने जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है, जिनसे लड़ाई-झगड़े, आपसी विवाद या सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका हो। पुलिस का उद्देश्य संभावित अप्रिय घटनाओं को समय रहते रोकना और त्योहार के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
पुलिस की आम नागरिकों से अपील
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से लड़ाई-झगड़े, हुड़दंग और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों से दूर रहने को कहा है। साथ ही, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करने की अपील की है।











