जशपुर के तपकरा थाना क्षेत्र के जामबहार गांव की घटना; पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी की जब्त, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जामबहार के चिटकाटोली में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने आरोपी मनबोध मांझी (60 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
जमीन बंटवारे को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, मृतक संतोष प्रधान (30 वर्ष) की पत्नी सुमित्रा प्रधान ने तपकरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 24 अक्टूबर 2026 की शाम उसका पति बाजार से घर लौटा था। इसके बाद वह अपने दादा से बातचीत के दौरान फूफा ससुर मनबोध के घर जाने की बात कहकर रात करीब आठ बजे घर से निकल गया।
आरोपी मनबोध मांझी मृतक के घर के पास ही रहता था। जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना की रात मनबोध के घर की ओर से लड़ाई-झगड़े की आवाज सुनकर सुमित्रा वहां पहुंची। उसने घर के आंगन में अपने पति संतोष को मृत अवस्था में पड़ा देखा। उसके सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने के गंभीर घाव थे तथा घटनास्थल पर खून फैला हुआ था। वहीं, आरोपी पास में कुल्हाड़ी रखकर बैठा था।
पूछताछ में जमीन विवाद की बात आई सामने
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद आरोपी मनबोध मांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से अपने ससुराल ग्राम जामबहार में घर जमाई के रूप में रह रहा था। मृतक संतोष प्रधान उसके पत्नी के भाई का बेटा था। जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात संतोष जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखी कुल्हाड़ी से संतोष के सिर और गर्दन पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।











