टोकन जारी करने से लेकर नमी जांच और ऑनलाइन निगरानी तक दी जाएगी जानकारी, संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य
रायगढ़, 27 अक्टूबर 2026। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी वर्ष 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा 29 अक्टूबर को अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण कलेक्टर परिसर स्थित सृजन सभा कक्ष में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। इसमें धान खरीदी की प्रक्रिया, टोकन जारी करने के नियम, धान की गुणवत्ता जांच, ऑनलाइन निगरानी और खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण का उद्देश्य धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित करना है। इसमें राजस्व, सहकारिता, कृषि, खाद्य एवं विपणन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।
टोकन से लेकर ऑनलाइन निगरानी तक की जानकारी
प्रशिक्षण के पहले सत्र में धान खरीदी की प्रक्रिया और टोकन जारी करने के नियमों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही धान एवं चावल के उपार्जन की निगरानी के लिए डैशबोर्ड ट्रैकिंग सिस्टम और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के उपयोग के बारे में बताया जाएगा। कोचियों और बिचौलियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए गठित उड़नदस्ता दल की कार्यप्रणाली पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अगले सत्र में टोकन जारी करने की प्रक्रिया, मानक आकार के स्टैक निर्माण, कंप्यूटर रिकॉर्डिंग, धान में नमी की जांच और बारदाना व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा धान उपार्जन केंद्रों के वित्तीय दायित्वों और वहां आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के विषय पर भी चर्चा होगी।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों को होना होगा शामिल
प्रशिक्षण में अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खाद्य विभाग के अधिकारी, सहकारिता एवं कृषि विभाग के प्रतिनिधि, जिला विपणन अधिकारी, अपेक्स बैंक के प्रतिनिधि, धान उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक और डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे।
जिला प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य की है। प्रशिक्षण के माध्यम से खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और खरीदी कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया जाएगा।











