
बिलासपुर। श्री सिद्धबाबा अद्वैत परमहंस आश्रम के स्वामी जी महाराज की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता सामने आई है। बीते 22 नवंबर की रात सोनसाय नवागांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय भेलवा टिकरा एवं मिट्ठू नवागांव के बीच जंगल क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने स्वामी जी महाराज के काफिले पर पथराव कर दिया। पत्थर वाहन की नंबर प्लेट और फ्रंट ग्रिल पर लगा, जिससे वाहन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।घटना को लेकर आश्रम प्रबंधन की ओर से थाना बेलगहना में लिखित आवेदन देकर पथराव करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। आवेदन में पुलिस पायलटिंग व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं।

आरोप है कि बिलासपुर आरक्षी केंद्र से उपलब्ध कराई गई पुलिस पायलटिंग व्यवस्था में तैनात चालक सहित आरक्षक कथित रूप से शराब के नशे में थे। साथ ही पायलटिंग वाहन स्वामी जी महाराज के वाहन से करीब 500 मीटर की दूरी पर चल रहा था। इसे सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों का तत्काल चिकित्सकीय परीक्षण कराने और उनकी भूमिका की विभागीय जांच कराने की मांग की गई है।आवेदन में 7 नवंबर को हुई एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया गया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में आश्रम परिसर में प्रवेश कर स्वामी जी महाराज के निजी कक्ष तक पहुंच गया था। इस दौरान धार्मिक ग्रंथ और एक पक्षी की चोरी होने का मामला भी सामने आया था। इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।लगभग 15 दिनों के अंतराल में आश्रम परिसर में संदिग्ध प्रवेश और चोरी के बाद स्वामी जी महाराज के काफिले पर पथराव की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आश्रम की ओर से पुलिस प्रशासन से दोनों घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने, पथराव करने वाले आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने तथा पुलिस पायलटिंग दल का चिकित्सकीय परीक्षण और विभागीय जांच कराने की मांग की गई है।इसके साथ ही दोनों घटनाओं के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच करने तथा स्वामी जी महाराज की व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का आग्रह किया गया है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है।











