पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन और कार्यक्षमता का किया निरीक्षण, स्क्वाड ड्रिल का कराया अभ्यास
रायगढ़। पुलिस बल में अनुशासन और कार्यक्षमता बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर को पुलिस लाइन रायगढ़ में साप्ताहिक परेड आयोजित की गई। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने परेड की सलामी ली और जवानों की वेशभूषा, साफ-सफाई, अनुशासन एवं टर्नआउट का निरीक्षण किया। इस दौरान उत्कृष्ट वेशभूषा और टर्नआउट वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जवानों ने किया स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास
परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को अलग-अलग टोलियों में विभाजित कर स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास कराया गया। जवानों ने निर्धारित कमांड के अनुसार कदमताल, आपसी तालमेल और सामूहिक अनुशासन का प्रदर्शन किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने परेड की गतिविधियों का अवलोकन करते हुए जवानों को निर्धारित नियमों और कमांड का अनुशासनपूर्वक पालन करने के निर्देश दिए।
नियमित परेड से मजबूत होता है टीमवर्क और अनुशासन
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता, शारीरिक दक्षता और टीम भावना बनाए रखने में नियमित परेड की महत्वपूर्ण भूमिका है। परेड केवल औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का माध्यम है। नियमित अभ्यास से जवानों की सामूहिक कार्यक्षमता बढ़ती है, जिसका लाभ कानून-व्यवस्था और दैनिक पुलिस ड्यूटी में मिलता है।
रक्षित निरीक्षक को नियमित अभ्यास कराने के निर्देश
एसएसपी ने रक्षित निरीक्षक को पुलिस लाइन में नियमित रूप से परेड आयोजित कराने तथा जवानों को ड्रिल और शारीरिक अभ्यास का निरंतर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट और अनुशासन पर विशेष ध्यान देने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने को कहा। इस साप्ताहिक परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक अमित सिंह ने किया।











