मास्टर ट्रेनर बनकर ग्रामीण महिलाओं को दे रहीं प्रशिक्षण, दूसरी महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
रायगढ़, 28 नवंबर 2026। स्व-सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। शासन की योजनाओं, प्रशिक्षण और आर्थिक सहयोग से महिलाएं आजीविका के नए साधन अपना रही हैं। ऐसी ही प्रेरक कहानी रायगढ़ जिले के ग्राम धनागर की कमला चौधरी की है, जिन्होंने मशरूम उत्पादन को अपनी आमदनी का जरिया बनाया है। आज वे खुद आर्थिक रूप से सशक्त होने के साथ दूसरी महिलाओं को भी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दे रही हैं।
कमला चौधरी रुक्मणी स्व-सहायता समूह से जुड़कर नियमित बचत करने लगीं। समूह की बैठकों के माध्यम से उन्हें आजीविका के विभिन्न साधनों और शासन की योजनाओं की जानकारी मिली। जरूरत पड़ने पर समूह से कम ब्याज दर पर ऋण की सुविधा भी मिली। इसके अलावा अपनी बचत के आधार पर उन्होंने बैंक से भी ऋण प्राप्त किया। आर्थिक सहयोग से उन्हें नए आजीविका कार्य शुरू करने का अवसर मिला।
मशरूम उत्पादन से बढ़ाई आमदनी
कमला चौधरी ने बैंक से मिले ऋण का उपयोग खेती, पशुपालन और मशरूम उत्पादन जैसे कार्यों में किया। प्रशिक्षण और मार्गदर्शन मिलने के बाद उन्होंने ऑयस्टर तथा पैरा पुटू मशरूम का उत्पादन शुरू किया। लगातार मेहनत और अभ्यास से उन्होंने मशरूम उत्पादन की तकनीक में दक्षता हासिल की। धीरे-धीरे यह काम उनकी अतिरिक्त आमदनी का महत्वपूर्ण साधन बन गया, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिली।
मास्टर ट्रेनर बनकर महिलाओं को दे रहीं प्रशिक्षण
मशरूम उत्पादन में अनुभव हासिल करने के बाद कमला चौधरी अब मास्टर ट्रेनर के रूप में भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। वे अलग-अलग स्थानों पर जाकर ग्रामीण महिलाओं को मशरूम उत्पादन की तकनीक, इसकी प्रक्रिया और इसे आजीविका के रूप में अपनाने के तरीके सिखाती हैं। उनके प्रशिक्षण से अन्य महिलाएं भी घर और गांव में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित हो रही हैं।
कमला चौधरी का कहना है कि स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। नियमित बचत, ऋण सुविधा और प्रशिक्षण ने उन्हें आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने तथा अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर दिया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए शासन की योजनाओं और स्व-सहायता समूह के सहयोग के प्रति आभार जताते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।











