ग्राम सुखवास में पुलिस का जन जागरूकता कार्यक्रम, ग्रामीणों को नशा मुक्ति और साइबर अपराधों से बचाव के लिए किया जागरूक
थाना प्रभारी लैलूंगा ने नशे को अपराध और सामाजिक विघटन का प्रमुख कारण बताते हुए ग्रामीणों को नशा छोड़ने के लिए किया प्रेरित
ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब, गांजा और नशीली दवाओं की खरीदी-बिक्री करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
महिला समूहों और ग्रामीणों ने गांव को नशा मुक्त बनाने पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाने का लिया संकल्प
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश — “नशे के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, नशा मुक्त समाज बनाना हमारी प्राथमिकता”

रिपोर्ट ~ हीरालाल राठिया लैलूंगा
रायगढ़, 23 फरवरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव द्वारा कल ग्राम सुखवास में जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करना, नशे से होने वाले सामाजिक और आपराधिक दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा अपराध, झगड़ा-विवाद और गंभीर घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने क्षेत्र में छोटी-छोटी बातों पर हत्या जैसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि अधिकांश मामलों में नशे की भूमिका होती है। उन्होंने ग्राम सुखवास में पूर्व में हुई तीन व्यक्तियों की हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाओं से परिवार और समाज को अपूरणीय क्षति होती है, इसलिए सभी को नशे से दूर रहना चाहिए।
थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बताया कि रायगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध शराब, गांजा और नशीली दवाओं की खरीदी-बिक्री करने वालों पर कठोर कार्रवाई के लिए “ऑपरेशन आघात” चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध रूप से शराब बनाने, बेचने या नशे के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे व्यक्तियों से समाज की मुख्यधारा में आकर सम्मानपूर्वक जीवन यापन करने की अपील की।
कार्यक्रम में महिला समूहों की भूमिका की सराहना करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि लैलूंगा क्षेत्र के कई गांवों में महिला समूहों द्वारा शराब बंदी को लेकर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। ग्राम सुखवास में भी महिलाओं और पुलिस के संयुक्त प्रयास से चौपाल के माध्यम से लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों ने एक स्वर में गांव को नशा मुक्त बनाने और पुलिस के साथ मिलकर इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस दौरान थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में भी जागरूक करते हुए बताया कि अज्ञात मोबाइल कॉल, ओटीपी मांगने वाले कॉल, बैंक संबंधी जानकारी मांगने वाले व्यक्तियों तथा लॉटरी, केवाईसी अपडेट या इनाम के नाम पर आने वाले कॉल और संदेशों से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सन्देश
नशा समाज और परिवार दोनों को नुकसान पहुंचाता है, अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जन सहयोग से नशा मुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण हमारी प्राथमिकता है
कार्यक्रम में करीब 200 से अधिक ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को गंभीरता से सुना और नशा मुक्ति एवं सुरक्षा के लिए पुलिस का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। रायगढ़ पुलिस द्वारा इस प्रकार के जन जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







