रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आज राज्य का बजट प्रस्तुत किया जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी सदन में बजट भाषण दे रहे हैं। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं है। वित्त मंत्री ने युवाओं के करियर काउंसलिंग के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान करने की घोषणा की। इसके साथ ही नालंदा लाइब्रेरी को युवाओं के करियर एवं उद्यमिता मार्गदर्शन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार संबंधी तैयारी में उन्हें समुचित सहयोग मिल सके।सरकार ने युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता देने का भी ऐलान किया है। इस उद्देश्य से तीन योजनाओं के लिए कुल 33 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। इस योजना के तहत छात्रों के हॉस्टल खर्च का वहन सरकार करेगी। कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए भी बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। स्किल डेवलपमेंट के लिए 75 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।अपने संबोधन के दौरान उन्होंने एविएशन सेक्टर को लेकर बड़ा ऐलान किया। बिलासपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास के लिए 80 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही कोरबा में एयर स्ट्रिप के उन्नयन के लिए भी बजट में राशि का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने ‘सीजी वायु योजना’ शुरू करने की घोषणा करते हुए इसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान करने की जानकारी दी। सरकार का मकसद राज्य में हवाई संपर्क को मजबूत करना और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है।स्थापित अपने भाषण में वित्तमंत्री ने हेल्थ सेक्टर के लिए बड़ा ऐलान करते हुए प्रदेश में 3 नए मेडिकल कॉलेज स्थापित किये जाने का ऐलान किया है। घोषणा के मुताबिक़ सरकार ने कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़ और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज खोलने का फैसला किया है।








