रायपुर। सावन के पावन महीने में राजधानी रायपुर शिवभक्ति के रंग में रंगने जा रही है। 16 अगस्त 2026 को न्यू राजेंद्र नगर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में विभिन्न पवित्र नदियों का जल शामिल होगा, जिसे श्रद्धालु श्री बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे।

सुबह 10 बजे शुरू होगी कांवड़ यात्रा
आयोजक एवं नेतृत्वकर्ता सीए अमित चिमनानी के अनुसार, यात्रा से पहले न्यू राजेंद्र नगर में कांवड़ यात्रियों का एकत्रीकरण और स्थल पूजन होगा। सुबह 9 बजे पूजन के बाद करीब 4 किलोमीटर लंबी यात्रा सुबह 10 बजे आशादीप हॉस्पिटल के पास से शुरू होगी।
यात्रा न्यू राजेंद्र नगर, रिंग रोड, कटोरातालाब, आकाशवाणी काली मंदिर और सुभाष स्टेडियम होते हुए मोतीबाग चौक स्थित श्री बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेगी। यहां पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा।
पवित्र नदियों का जल रहेगा शामिल
कांवड़ यात्रा की खासियत यह होगी कि इसमें देश और छत्तीसगढ़ की कई पवित्र नदियों का जल शामिल किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार जल के प्रमुख स्रोतों में गंगा, नर्मदा, अरपा, खारुन, महानदी, पैरी और सोंढूर शामिल हैं। इसके अलावा राजिम त्रिवेणी संगम का पवित्र जल भी कांवड़ में शामिल रहेगा।
अलग-अलग स्थानों से लाया जाएगा जल
- गंगा: हर की पौड़ी
- नर्मदा: ग्वारीघाट, जबलपुर
- अरपा: बिलासपुर घाट
- खारुन: महादेव घाट
- महानदी, पैरी और सोंढूर: संबंधित पवित्र घाटों से
- राजिम: त्रिवेणी संगम
सर्वसमाज की होगी भागीदारी
आयोजकों के अनुसार कांवड़ यात्रा में सर्वसमाज के श्रद्धालु शामिल होंगे। सावन में आयोजित यह धार्मिक आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भगवान शिव के प्रति आस्था और भक्ति की सामूहिक अभिव्यक्ति बनेगा। यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।






