करीब पांच दशक तक निर्भीक और जनसरोकार वाली पत्रकारिता से बनाई अलग पहचान
पत्थलगांव/जशपुर। जशपुर जिले की पत्रकारिता जगत को वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा के निधन से गहरा आघात पहुंचा है। पत्थलगांव निवासी श्री रमेश शर्मा का आज सुबह करीब 5 बजे निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों में शोक की लहर दौड़ गई।

पांच दशकों तक पत्रकारिता को दी अपनी सेवाएं
रमेश शर्मा ने करीब पांच दशकों तक पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए जनसरोकारों को प्रमुखता दी। निष्पक्षता, निर्भीकता और जनहित से जुड़े मुद्दों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने रखना उनकी पत्रकारिता की पहचान रही।
सत्ता से सवाल उठाने से लेकर आम लोगों की समस्याओं को मंच देने तक उन्होंने अपनी कलम के माध्यम से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अस्वस्थता के बावजूद अंतिम समय तक उनका पत्रकारिता के प्रति समर्पण बना रहा।
आम जनता की आवाज बने रहे
रमेश शर्मा क्षेत्र की सामाजिक और जनसमस्याओं पर लगातार नजर रखते थे। उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से कई स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उनके लेखों और रिपोर्टों ने जनआंदोलनों को दिशा देने के साथ जरूरतमंद लोगों की आवाज को भी मजबूती प्रदान की।
पत्रकारिता जगत में अपूरणीय क्षति
उनके निधन को जशपुर जिले की पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। पत्रकार साथियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
शोक व्यक्त करने वालों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
ॐ शांति शांति शांति। 🙏💐






