
कोरबा। “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत बाँकीमोंगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती के तीन मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से डकैती में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना बाँकीमोंगरा क्षेत्र के बलगी सबस्टेशन एवं सूराकछार खदान तथा दीपका खदान में विगत दिनों डकैती की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में बाँकीमोंगरा एवं दीपका थाने में संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजपाल चौहान (22), निवासी जामनीमुड़ा, थाना पाली, फिरोज मेमन (27), निवासी भिलाईबाजार, थाना हरदीबाजार, निकेश कुमार कश्यप (21), निवासी शुक्लाखार, थाना बाँकीमोंगरा तथा होरीलाल केवट (24), निवासी शांतिनगर, थाना कुसमुंडा को पकड़ा। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अपने संरक्षण में लिया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डकैती की वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है।







