
पोतरा क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला बना चिंता का विषय, हादसे के बाद BDC ने दिखाई तत्परता; मृतक और घायल दोनों पोतरा निवासी बताए जा रहे हैं
लैलूंगा। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर पोतरा क्षेत्र की BDC सदस्य रामप्यारी विष्णु सिदार ने अब सड़क सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाना शुरू कर दिया है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को रोकने और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए वे आज राजस्व अधिकारी को ज्ञापन सौंपने लैलूंगा तहसील कार्यालय जाने वाली थीं। लेकिन विडंबना देखिए, ज्ञापन देने जाने के दौरान ही एक बार फिर सड़क हादसा हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में दो लोग घायल हुए, जिनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। दोनों ही पोतरा निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद BDC रामप्यारी विष्णु सिदार ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए खुद अपनी निजी कार से घायलों को तत्काल लैलूंगा अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इस हादसे में एक व्यक्ति की जान नहीं बचाई जा सकी।
### हादसों पर रोक लगाने की मांग, लेकिन कब जागेगा प्रशासन?
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने पोतरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। BDC रामप्यारी विष्णु सिदार का सड़क हादसों को लेकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय इसी गंभीर समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश है। लेकिन ज्ञापन देने की तैयारी के बीच ही एक और दुर्घटना हो जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
आखिर कब तक सड़क हादसों में लोगों की जान जाती रहेगी? सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे? क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?
फिलहाल मृतक और घायल की विस्तृत पहचान तथा दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। क्षेत्रवासियों ने सड़क सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
CGLive | लैलूंगा रायगढ़ की हर खबर पे हमारी नजर











