8 वर्ष की उम्र में भावाभिव्यक्ति और लयबद्ध प्रस्तुति से दिखाई प्रतिभा, शास्त्रीय नृत्य के प्रति समर्पण ने खींचा ध्यान
रायगढ़, 22 सितंबर 2026। 41वें अंतरराष्ट्रीय चक्रधर महोत्सव के मंच पर नन्हीं बाल कलाकार कुमारी वेदिका सोनी ने मनोहारी भरतनाट्यम प्रस्तुति से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। महज 8 वर्ष की उम्र में वेदिका ने अपनी नृत्य प्रतिभा, भावाभिव्यक्ति और लयबद्ध प्रस्तुति के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य के प्रति अपने समर्पण का परिचय दिया।

6 वर्ष की उम्र से शुरू किया भरतनाट्यम प्रशिक्षण
कक्षा 4 की छात्रा वेदिका ने 6 वर्ष की आयु में भरतनाट्यम का प्रशिक्षण प्रारंभ किया। पिछले दो वर्षों से वे निरंतर अभ्यास और गुरुजनों के मार्गदर्शन में इस शास्त्रीय नृत्य शैली की बारीकियां सीख रही हैं।
गुरुजनों के मार्गदर्शन में नृत्य साधना
वेदिका को गुरु श्रीमती कृपा वंजारी के मार्गदर्शन तथा डॉ. रतीश बाबू के सान्निध्य में भरतनाट्यम का प्रशिक्षण प्राप्त हो रहा है। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी कला के प्रति लगन और निरंतर अभ्यास से उल्लेखनीय मंच अनुभव हासिल किया है।
राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर दिखा चुकी हैं प्रतिभा
वेदिका ने देशभर के विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। उन्होंने ऑल इंडिया डांसर्स एसोसिएशन प्रतियोगिता, कलावंत, प्रणवम् महोत्सव, देश राग और नटरंग सहित अनेक राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में सहभागिता कर भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी है।






